Monday, 14 September 2015

Bihar Election: भाजपा 160 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, मांझी को मिली 20 सीटें

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के सीटों के बंटवारे को लेकर आखिरकार सोमवार को सहमति बन गई है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान कहा, चुनावों में राजग घटकों के बीच सीटों के बंटवारे के तहत भाजपा 160, लोजपा 40, लोजसपा 23 और हम 20 सीटों पर चुनाव लडेंगी।

अमित शाह ने कहा, भाजपा के चुनाव चिन्ह पर मांझी जी की पार्टी के कुछ उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कितने सीटों पर होगा, यह मांझी तय करेंगे। इस दौरान एनडीए के चारों घटक दल के नेता मौजूद थे।

शाह ने कहा कि चारों दल एकजुट होकर विकास के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और दो तिहाई बहुमत हासिल करने के विश्वास के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे।

Bihar Chunav 2015



शाह ने भाजपा के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे चुनाव में ना सिर्फ अपनी पार्टी बल्कि सहयोगी पार्टियों के उम्मीदवारों को भी जिताने के लिए पूरी मेहनत करें।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजग के विरोध में बने महागठबंधन में बिखराव हो चुका है। महागठबंधन का अध्यक्ष ही उसे छोड़ गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास के नारे को बेअसर बताते हुए कहा कि देश में 12 लाख करोड़ का भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस और जंगलराज के पर्याय बन चुके लोगों के साथ मिल कर विकास नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कुमार द्वारा पेश किये जा रहे विकास के आंकड़ों पर कहा कि ये आंकड़े पुराने एवं उस समय के हैं जब भाजपा उनके साथ सरकार में शामिल थी। भाजपा के हटने के बाद से बिहार का विकास रुक गया है, सकल घरेलू उत्पाद में गिरावट आई हैं, अपराध बढ़े हैं और राज्य जंगलराज की ओर बढ़ा है।

शाह ने कहा कि केन्द्र में मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार है जो विकास के अपने वादों को पूरा करने में जुटी है। महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा एवं जम्मू कश्मीर के विधानसभा के चुनावों, मध्यप्रदेश राजस्थान एवं कर्नाटक में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत इस बात का प्रमाण है।

दिल्ली विश्वविद्यालय एवं जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनावों में भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि बिहार के लिये प्रधानमंत्री ने सवा लाख करोड़ रुपये का पैकेज एवं 40 ह•ाार करोड़ रुपये का अतिरिक्त मदद घोषित की है।

इसके लिये बिहार में ऐसी सरकार की जरूरत है जो केन्द्र से आने वाले एक-एक पैसे का सही इस्तेमाल करे। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस, जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनता दल तीनों को मौका दे चुकी है।
उन्होंने अपील की कि वे एक बार राजग को भी मौका दें। उन्होंने कहा कि राजग के चारों दल अलग अलग एवं साझा घोषणापत्र जल्द ही घोषित करेंगे।

Source: http://rajasthanpatrika.patrika.com/story/india/nda-finalises-seat-sharing-for-bihar-assembly-poll-1301430.html

No comments:

Post a Comment